UPSC से SSC तक की तैयारी होगी आसान, CM धामी ने शुरू की नई योजना..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल शुरू की है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य ऐसे युवाओं को बेहतर तैयारी का अवसर देना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग या दूसरे शहरों में जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं। योजना के जरिए विद्यार्थियों को घर बैठे विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद
योजना का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों के साथ ही शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा। इसके तहत संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं के साथ ही रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग की विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा और पात्रता से जुड़ी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री एवं मार्गदर्शन मिलेगा। इनमें कॉमन एंट्रेंस टेस्ट, प्रबंधन से संबंधित प्रवेश परीक्षा, इंजीनियरिंग में स्नातक अभिरुचि परीक्षा, राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा तथा सीएसआईआर-नेट जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को देहरादून या अन्य बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली कोचिंग और अध्ययन सामग्री के जरिए विद्यार्थी अपने घर से ही तैयारी कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी तैयारी को मजबूती मिलेगी।
