‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का CM धामी ने किया विमोचन..

‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का CM धामी ने किया विमोचन..

क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का CM धामी ने किया विमोचन

युवाओं से सामाजिक कार्यों में भागीदारी की अपील..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने शासकीय आवास पर उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सीएम ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं समाज के जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने के साथ जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों के जरिए प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

युवाओं से सामाजिक कार्यों में आगे आने की अपील

सीएम धामी ने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा का उपयोग समाज और प्रदेश के विकास में किया जाना चाहिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक सरोकारों को मजबूती मिलने के साथ उत्तराखंड के विकास कार्यों को भी गति मिल सकती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने समिति से समाज के बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। इससे वे भविष्य में समाज और देश के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकेंगे। सीएम धामी ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से बच्चों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की भी अपील की। सीएम ने कहा कि समाज के हर वर्ग के सहयोग और सहभागिता से ही उत्तराखंड को मजबूत और विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।