फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी हाईस्कूल-इंटर की परीक्षाएं, 1270 केंद्र तैयार..

फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी हाईस्कूल-इंटर की परीक्षाएं, 1270 केंद्र तैयार..

उत्तराखंड: उत्तराखंड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। परीक्षा के सुचारु और नकलविहीन संचालन के लिए प्रदेशभर में 1270 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 146 केंद्र संवेदनशील और पांच केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षा के दौरान विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बैठक हुई। इसमें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और केंद्रों की स्थिति पर चर्चा के बाद केंद्रों की सूची तय की गई। निर्धारित 1270 केंद्रों में 49 एकल और 1221 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या में नौ का इजाफा हुआ है। शिक्षा विभाग ने संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। परीक्षा के दौरान नकल और अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। साथ ही केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं और निगरानी के इंतजाम भी किए जाएंगे।

2.08 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा में प्रदेशभर से कुल 2,08,424 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 परीक्षार्थी हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरिद्वार में सबसे अधिक 48,320 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जबकि चंपावत में परीक्षार्थियों की संख्या सबसे कम 5,277 है। परीक्षा केंद्रों की संख्या के मामले में टिहरी गढ़वाल सबसे आगे है। यहां कुल 136 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंपावत में सबसे कम 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

हरिद्वार में चार केंद्र अति संवेदनशील
संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों की सूची में भी जिलों के बीच अंतर देखने को मिला है। हरिद्वार में सबसे अधिक चार परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। वहीं, संवेदनशील केंद्रों की संख्या नैनीताल में सबसे ज्यादा 38 है। ऊधमसिंह नगर 37 संवेदनशील केंद्रों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा हरिद्वार में 14, देहरादून में दो, रुद्रप्रयाग में चार, पिथौरागढ़ में 22, चंपावत में 11, बागेश्वर में सात और अल्मोड़ा में 11 परीक्षा केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग का जोर परीक्षा को व्यवस्थित, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने पर है।