आत्मनिर्भर उत्तराखंड की राह में युवा शक्ति सबसे अहम, सीएम धामी का बड़ा संदेश..
उत्तराखंड: सीएम धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और युवाओं के बीच अपना जन्मदिन मनाया। सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति के उत्साह और ऊर्जा से उन्हें विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की प्रेरणा मिलती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को उन्होंने अहम बताया। सीएम ने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। उनका कहना था कि ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए अपना गांव या उत्तराखंड छोड़ने की मजबूरी न हो। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ-साथ उद्यमिता की ओर बढ़ने और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने की अपील की।
AI और तकनीक के दौर में नए कौशल जरूरी
सीएम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक ने रोजगार के क्षेत्र को तेजी से बदला है। ऐसे में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधुनिक कौशल हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए भी स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है। राज्य युवा आयोग के गठन को युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़ी नीतियों में उनकी राय और जरूरतों को भी जगह मिलनी चाहिए। युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और डिजिटल सशक्तिकरण के साथ नशे और साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी भूमिका निभाएगा। उत्तराखंड के युवा खेलों के क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के बाद उत्तराखंड की खेल पहचान को भी मजबूती मिली है। भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि हर नियुक्ति के पीछे अभ्यर्थी की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
युवाओं से लिए तीन संकल्प
जन्मदिन के मौके पर सीएम ने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करने, नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इससे बचाने तथा सफलता के बाद अपने ज्ञान और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र में करियर बनाएं, लेकिन अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनना सबसे जरूरी है। सीएम ने युवाओं से तकनीक और सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अधूरी और भ्रामक जानकारियों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि किसी भी सूचना को सही मानने से पहले उसके तथ्यों की जांच करनी चाहिए। नशे को लेकर उन्होंने युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के भविष्य और उसके सपनों पर भी पड़ता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला और देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
