शिक्षक राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माण की मजबूत नींव..

शिक्षक राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माण की मजबूत नींव..

शिक्षक राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माण की मजबूत नींव..

 

 

उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड के कोटद्वार में शिक्षक दिवस से ठीक पहले शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण की पहल पर पदमपुर स्थित सुंदरियाल वेडिंग प्वाइंट में निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए विशेष शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अनूठे आयोजन में समाज निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण, सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुरेश जोशी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन कोटद्वार के अध्यक्ष अजयपाल सिंह रावत, संरक्षक गिरिराज सिंह रावत और चंद्रशेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने छात्र जीवन और एक शिक्षिका के रूप में बिताए दिनों की यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा, “समाज की रूपरेखा गढ़ने वाली पहली गुरु मां होती हैं और दूसरी गुरु हमारे शिक्षक एवं गुरुजन।” देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन हर शिक्षक के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आज के दौर में शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि उन्हें बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्य और राष्ट्रभक्ति भी सिखानी होती है।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने शिक्षा और समाज सुधार में शिक्षकों के योगदान को सराहा। सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुरेश जोशी ने कहा कि एक शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। वहीं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन कोटद्वार के अध्यक्ष अजयपाल सिंह रावत ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि संभवतः उत्तराखंड में यह पहला मौका है जब निजी विद्यालयों के शिक्षकों के मान-सम्मान के लिए इस तरह का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया है। एसोसिएशन के संरक्षक गिरिराज सिंह रावत ने भी शिक्षकों को समाज का असली मार्गदर्शक बताया। समारोह में शामिल हुए प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने कहा कि इस आत्मीय सम्मान से पूरा शिक्षक समुदाय गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस प्रेरणादायक आयोजन में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न निजी स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।