सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा, धामी ने लंबित शिकायतों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की। बैठक में हेल्पलाइन के जरिए सामने आ रही जन शिकायतों, उनके निस्तारण और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई। सीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि 1905 सरकार और आम जनता के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। इसके जरिए लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका समाधान भी तय समय में किया जाए। किसी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
हर महीने शिकायतों की समीक्षा करते हैं सीएम
सीएम ने कहा कि वह खुद हर महीने हेल्पलाइन की प्रगति की समीक्षा करते हैं और जरूरत के अनुसार शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत भी करते हैं। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया से कई मामलों के समाधान में मदद मिली है। बैठक में जिलाधिकारियों को भी समय-समय पर जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिले और उनका स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके। समीक्षा बैठक में मानसून के बाद सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और शहरी विकास विभाग को आवश्यक प्रस्ताव और एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया है।
चारधाम यात्रा में एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में यात्रा मार्गों की स्थिति को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात और यात्रा प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की भी समीक्षा
मानसून के दौरान संक्रमण और फ्लू जैसी बीमारियों के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों से आवश्यक दवाओं, उपचार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क रहने को कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सीएम भविष्य निर्माण योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई। सीएम ने योजना को जल्द प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पेयजल योजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के संचालन और आम लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़े जरूरी कदम उठाने को कहा गया।
