देहरादून । सूबे में गर्भवती महिलाओं को कोरोना से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण अभियान की शुरूआत हो चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज गांधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय पहुंच कर गर्भवती महिलाओं के कोविड-19 टीकाकरण अभियान का रिबन काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने टीकाकरण अभियान को गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच बताते हुए सभी से टीका लगाने की अपील की। डा. रावत ने कहा कि गर्भवती माताओं को सुरक्षित रखने के लिए राज्यभर में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा ताकि प्रत्येक गर्भवती महिला को कोरोना का टीका कर कोविड से सुरक्षा प्रदान की जा सके। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक खजान दास ने टीकाकरण अभियान का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सहित सभी विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी समाजसेवियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपेक्षा की। महानिदेशक स्वास्थ्य डा. तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय टीम पूरी तरह से जुटी हुई है ताकि वैश्विक महामारी से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के साथ-साथ सभी को अन्य सावधानियां बरतते हुए कोविड संबंधी नियमों का पालन करना जरूरी है। सीएमओ देहरादून डा. मनोज उप्रेती ने कहा कि खुशनुमा नाम की गर्भवती महिला को पहला टीका लगाया गया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए टीका पूरी तरह सुरक्षित है और उन्हें टीकाकरण अभियान में बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर विधायक राजपुर खजान दास, स्वास्थ्य महानिदेशक डा. तृप्ति बहुगुणा, सीएमओ देहरादून डा. मनोज उप्रेती, सीएमएस गांधी शताब्दी नेत्र अस्पताल डा. शिखा जंगपांगी, टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ प्रवीण पंवार सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Related Posts
विधानसभा चुनाव की तैयारियों व मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की केंद्रीय उप निर्वाचन आयुक्त ने की समीक्षा
देहरादून । बैठक के प्रथम चरण में विधान सभा निर्वाचक नामावली का 01 जनवरी, 2022 की अर्हता तिथि के आधार…
पुलिसकर्मियों के एसीपी मामले को मोर्चा ले जाएगा न्यायालयः नेगी
विकासनगर । जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए…
राज्य की पहली डिजिटल आंगनबाड़ी का हुआ शुभारंभ
देहरादून । महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से झाझरा में स्मार्ट डिजिटल आंगनबाड़ी केंद्र बनाया गया है।…
