चार महीने बाद आज से पर्यटकों के लिए खुलेगा FRI, बढ़ा प्रवेश शुल्क..

चार महीने बाद आज से पर्यटकों के लिए खुलेगा FRI, बढ़ा प्रवेश शुल्क..

 

 

उत्तराखंड: वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) सोमवार से एक बार फिर पर्यटकों और आगंतुकों के लिए खोल दिया गया है। सुरक्षा कारणों से करीब चार महीने पहले बंद किए गए संस्थान में अब दोबारा प्रवेश की अनुमति दे दी गई है। हालांकि इस बार संस्थान प्रशासन ने प्रवेश और संग्रहालय शुल्क में उल्लेखनीय बढ़ोतरी भी की है। संस्थान प्रशासन के अनुसार अब भारतीय नागरिकों के लिए पैदल प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा संग्रहालय देखने के लिए अलग से 150 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 1000 रुपये तय किया गया है, जबकि संग्रहालय में प्रवेश के लिए उन्हें अतिरिक्त 1500 रुपये चुकाने होंगे।

एफआरआई प्रशासन ने वाहन पार्किंग शुल्क में भी बदलाव किया है। स्कूटर और बाइक के लिए 50 रुपये पार्किंग शुल्क रखा गया है, जबकि निजी कार और टैक्सी के लिए 150 रुपये देने होंगे। ऑटो रिक्शा के लिए 100 रुपये तथा बस और ट्रक के लिए 300 रुपये पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है। ऋचा मिश्रा ने कहा कि संस्थान को 16 जनवरी 2026 को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बंद किया गया था। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक लागू किया गया था, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही दोबारा शुरू होने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

संस्थान ने छात्रों के लिए विशेष शुल्क व्यवस्था भी लागू की है। स्कूली बच्चों को संग्रहालय में प्रवेश के लिए प्रति छात्र 30 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए यह शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को एफआरआई के शैक्षिक और वैज्ञानिक महत्व से जोड़ना है। गौरतलब है कि देहरादून स्थित एफआरआई अपनी ऐतिहासिक इमारत, विशाल परिसर और संग्रहालयों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के बीच खास पहचान रखता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक, शोधार्थी और छात्र पहुंचते हैं। संस्थान के दोबारा खुलने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।