सीएम धामी का युवाओं को संदेश, मेहनत और प्रतिभा से मिली सफलता का करें सम्मान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने पिछले चार वर्षों में सरकारी सेवाओं में चयनित हुए हजारों युवाओं को डिजिटल माध्यम से शुभकामना संदेश भेजकर उनका उत्साहवर्धन किया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चयनित कार्मिकों को संबोधित पत्र में कहा कि राज्य सरकार लगातार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के जरिए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जनता द्वारा दोबारा जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद सरकार ने सबसे पहले प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का अभियान शुरू किया था।
सीएम ने अपने संदेश में कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार करीब 30 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति दे चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी है और आगे भी रिक्त पदों को भरने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। सीएम ने कहा कि आज युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और ईमानदार तैयारी के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। सीएम ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी चयन प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को उचित अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित होने से मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है। सरकार का उद्देश्य है कि योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी बाधा के उनका हक मिल सके।
सीएम धामी ने चयनित कार्मिकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि एक राजकीय सेवक के रूप में उनकी जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता की समस्याओं को समझकर सेवा भाव से कार्य करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की अपील की। इस दौरान सीएम ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत भी की और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को उत्साहपूर्वक कार्य करने और राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। सरकार का मानना है कि नई पीढ़ी की ऊर्जा और प्रतिभा उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
