जनता की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, पौड़ी में 10 मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश..
उत्तराखंड: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा और मुआवजे समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी 10 शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच करने और नियमानुसार तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पहले जनता दर्शन और जनता मिलन में सामने आ चुके मामलों की भी समीक्षा की और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।
निजी जमीन पर ट्रांसफार्मर और पानी की टंकी, मुआवजे की मांग
कोटद्वार रोड क्षेत्र की पार्वती देवी ने बताया कि उनकी निजी भूमि पर विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसके अलावा जल संस्थान ने भी जमीन पर पानी की टंकी का निर्माण किया है। उनका कहना था कि जमीन के इस्तेमाल के बावजूद उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
रोडसाइड एक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई के निर्देश
डंडापानी निवासी फतेह सिंह ने रोडसाइड एक्ट के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित समस्या अधिकारियों के सामने रखी। मामले में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित सड़क निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं कलजीखाल क्षेत्र के बैर गांव निवासी अनिल सिंह ने पिपला-टेकरा मोटर मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस मामले को लेकर पीएमजीएसवाई सतपुली के अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुरानी शिकायतों में भी हुई कार्रवाई
जनता मिलन कार्यक्रम में पहले प्राप्त हुई शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मामलों में मौके पर कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। तहसील पौड़ी के जसकोट गांव निवासी मनमोहन सिंह ने गुडड़ी से सिंडी-जसकोट मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी की मदद से गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन के लिए बेहतर किया गया।
कुखड़ गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायत भी जनता मिलन कार्यक्रम में सामने आई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग ने संबंधित लाभार्थी से आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई और योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की। इसी तरह पाबौ विकासखंड के कोला गांव की बीना देवी ने गांव के रास्तों पर उगी झाड़ियों के कारण आवागमन में परेशानी की शिकायत की थी। संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए रास्तों से झाड़ियों की कटाई कराई, जिसके बाद ग्रामीणों का आवागमन सुगम हुआ।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन और जनता मिलन कार्यक्रम में आने वाली शिकायतों को सिर्फ दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके समाधान की लगातार निगरानी भी की जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन और विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमित रूप से फॉलोअप करने और निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
