खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा फैसला, उत्तराखंड में 243 खिलाड़ियों की सरकारी नौकरी का रास्ता साफ..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेल पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने वाली ‘आउट ऑफ टर्न जॉब’ पॉलिसी को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से राष्ट्रीय खेलों में पदक हासिल करने वाले करीब 243 खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता खुल गया है। खेल मंत्री रेखा आर्य का कहना हैं कि नीति को मंजूरी मिलने के बाद अब पात्र खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इनमें पुलिस, शिक्षा, परिवहन, खेल और युवा कल्याण समेत करीब आधा दर्जन से अधिक विभाग शामिल हैं।
जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
सरकार की योजना है कि संबंधित विभागों की ओर से जल्द विज्ञप्ति जारी की जाए, जिसके बाद पात्र खिलाड़ी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। नियुक्ति प्रक्रिया को अगले एक से दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने केवल सरकारी नौकरी तक ही इस योजना को सीमित नहीं रखा है। दूसरे विभागों में नियुक्त होने वाले खिलाड़ियों को अगले पांच वर्षों तक खेल विभाग से संबद्ध रखने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य यह है कि खिलाड़ी नौकरी के साथ अपनी खेल प्रतिभा को भी जारी रख सकें और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें। इसके साथ ही अनुभवी खिलाड़ियों की सेवाओं का लाभ युवा प्रतिभाओं को तैयार करने में भी लिया जाएगा। ये खिलाड़ी नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभा सकेंगे। सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर करियर विकल्प मिलने के साथ ही उत्तराखंड में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
