भू-कानून उल्लंघन पर सीएम धामी सख्त, जिलाधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास कालापुल, नगला तराई से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कानून व्यवस्था, भू-अतिक्रमण, चारधाम यात्रा, मानसून तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक अभियानों में तेजी लाने को कहा। सीएम ने सबसे पहले सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी जमीनों की भी विस्तृत जांच की जाए और अवैध कब्जों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने भू-कानून के उल्लंघन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य में नियमों के विरुद्ध खरीदी गई जमीनों की जांच तेज की जाए और जहां उल्लंघन पाए जाएं वहां त्वरित सुनवाई करते हुए भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
सीएम धामी ने अधिकारियों को राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने वक्फ संपत्तियों से जुड़े विवरणों को उम्मीद पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट और सत्यापित करने को कहा। सीएम ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर ऐसे मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी। बैठक में सीएम ने बाहरी राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच, अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे अपात्र लोगों की पहचान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए वेरिफिकेशन अभियान तेज करने को कहा।
आगामी मानसून को देखते हुए सीएम ने सभी जिलों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंतरिक क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। सीएम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और जोशीमठ में चल रहे पुनर्वास और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़े तो इसकी सूचना पहले ही स्थानीय स्तर पर आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। सीएम ने अधिकारियों को यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने, श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेने और शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। सीएम धामी ने कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं जैसे पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें बल्कि किसानों को वास्तविक लाभ मिलना चाहिए, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके। बैठक में विभिन्न जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
