चारधाम यात्रा को लेकर अलर्ट प्रशासन, पौड़ी को 1 जोन और 5 सेक्टर में बांटा..

चारधाम यात्रा को लेकर अलर्ट प्रशासन, पौड़ी को 1 जोन और 5 सेक्टर में बांटा..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली इस यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पौड़ी गढ़वाल में पुलिस और प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। खासतौर पर कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक करीब 22 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग में श्रीनगर गढ़वाल, श्रीकोट और कलियासौड़ जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल हैं। इसके अलावा यात्रा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मणझूला क्षेत्र के गरुड़ चट्टी से आसन बैराज और भीमगोड़ा बैराज तक के हिस्सों को भी इस योजना में जोड़ा गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूरे मार्ग पर यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। यात्रा को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए पूरे क्षेत्र को एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही यात्रियों को रियल टाइम जानकारी देने के लिए श्रीनगर और श्रीकोट में एलईडी स्क्रीन स्थापित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से मौसम, ट्रैफिक और मार्ग की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस

यात्रा के दौरान वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया है। श्रीनगर क्षेत्र में एनआईटी खेल मैदान, आवास विकास की खाली भूमि और फरासू के पास बड़े पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जहां एक समय में लगभग 500 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात..

चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, जिसमें एक सीओ, दो इंस्पेक्टर, 30 सब-इंस्पेक्टर और एएसआई, 100 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, 15 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा दो सेक्शन पीएसी, एक एसडीआरएफ टीम, 70 होमगार्ड, 60 पीआरडी जवान, फायर सर्विस की दो यूनिट, एचपीयू और सीपीयू के कर्मी तथा संचार सेवा से जुड़े अधिकारी भी तैनात रहेंगे।

पर्यटन पुलिस और सीजनल चौकियां होंगी सक्रिय..

यात्रियों की सहायता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर गढ़वाल में बाजार चौकी के साथ पर्यटन पुलिस चौकी स्थापित की गई है। इसके साथ ही बद्रीनाथ हाईवे पर फरासू, सिरोबगड़ और गरुड़ चट्टी में सीजनल पुलिस चौकियां बनाई गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।प्रशासन ने अधिकारियों को मुख्य और वैकल्पिक मोटर मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार न किया जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए। कुल मिलाकर इस बार चारधाम यात्रा को लेकर पौड़ी जनपद में सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के स्तर पर व्यापक और सुदृढ़ तैयारियां की गई हैं, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।