कांवड़ यात्रा से पहले सुरक्षा कड़ी, बॉर्डर पर पुलिस की विशेष तैनाती..
उत्तराखंड: रुद्रपुर पुलिस प्रशासन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सीमा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर रामपुर-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर यूपी से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जनपद ऊधम सिंह नगर में पुलिस अलर्ट मोड पर है। सीमा क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी गहन तलाशी ली जा रही है। वाहन चालकों से पूछताछ के साथ-साथ दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की विस्तृत जांच-पड़ताल के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान निहारिका तोमर (एसपी क्राइम, ऊधम सिंह नगर) ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जांच प्रक्रिया को और अधिक सख्त एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों को उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर ही रोका जा रहा है, ताकि यात्रा मार्गों पर अनावश्यक दबाव न बने। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रा बिना किसी व्यवधान और अप्रिय घटना के संपन्न हो सके।
