सीएम धामी ने ट्रेनिंग पोर्टल लॉन्च किया, बजट को बताया विकास और अवसरों का मार्ग..

सीएम धामी ने ट्रेनिंग पोर्टल लॉन्च किया, बजट को बताया विकास और अवसरों का मार्ग..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड में रजिस्टर्ड श्रमिकों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए ‘ट्रेनिंग पोर्टल’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी, प्रभावी और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से श्रमिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कौशल प्रशिक्षण के उपरांत श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के उद्यमियों से कौशल आवश्यकताओं के संबंध में नियमित फीडबैक लिया जाए, ताकि प्रशिक्षण और रोजगार के बीच बेहतर कनेक्शन स्थापित किया जा सके। सीएम ने क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण पर विशेष बल देने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति स्थानीय श्रमिकों से हो और रोजगार के अवसर बढ़ें। इससे क्षेत्रीय जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों की जानकारी, प्रशिक्षण की प्रगति और प्रमाणपत्र जारी करने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। सीएम धामी ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड में स्थानीय कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी और राज्य के श्रमिक वर्ग को आधुनिक तकनीक और पेशेवर प्रशिक्षण से जोड़ने में मदद करेगी।