ऊर्जा कर्मियों की सुरक्षा मजबूत, यूपीसीएल ने दिया 1.20 करोड़ का बीमा कवच..

ऊर्जा कर्मियों की सुरक्षा मजबूत, यूपीसीएल ने दिया 1.20 करोड़ का बीमा कवच..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रबंधन ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना लागू की है। अब कर्मचारियों को 1 करोड़ 20 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। इस संबंध में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है, जिसके तहत कर्मचारियों के लिए विशेष कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट खोले जाएंगे। इन खातों पर मिलने वाली सुविधाओं के लिए कर्मचारियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने कहा कि इस योजना के तहत कर्मचारियों को दो श्रेणियों में लाभ दिया जाएगा। जिन कर्मचारियों का वेतन 25 हजार से 74,999 रुपये के बीच है, उन्हें एग्जीक्यूटिव श्रेणी में रखा गया है, जबकि 75 हजार रुपये या उससे अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को प्रीमियर श्रेणी में शामिल किया गया है। दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों को व्यापक बीमा और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कर्मचारियों को 1.20 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। यदि किसी कर्मचारी को स्थायी आंशिक या पूर्ण दिव्यांगता होती है तो भी यह बीमा राशि देय होगी। इसके अतिरिक्त 16.40 लाख रुपये तक के अतिरिक्त बीमा लाभ भी दिए जाएंगे, जिनमें बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता, गंभीर जलन की स्थिति में प्लास्टिक सर्जरी का खर्च, एयर एंबुलेंस सुविधा और डेबिट कार्ड से जुड़ा पर्सनल एक्सीडेंट कवर शामिल है। इसके साथ ही 10 लाख रुपये का टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी कर्मचारियों को प्रदान किया जाएगा।

बैंकिंग सुविधाओं के तहत कर्मचारियों को निःशुल्क चेकबुक उपलब्ध कराई जाएगी। एग्जीक्यूटिव श्रेणी को प्रतिवर्ष 60 चेक और प्रीमियर श्रेणी को 100 चेक बिना शुल्क दिए मिलेंगे। डेबिट कार्ड पर कोई वार्षिक शुल्क नहीं लगेगा। एटीएम से प्रतिदिन एक लाख रुपये तक नकद निकासी और पीओएस के माध्यम से तीन लाख रुपये तक के लेनदेन की सुविधा मिलेगी। सभी बैंकों के एटीएम पर ट्रांजैक्शन करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और एसएमएस अलर्ट भी निःशुल्क होंगे।

ऋण सुविधाओं में भी कर्मचारियों को राहत दी गई है। 25 लाख रुपये तक के ऋण पर प्रोसेसिंग शुल्क पूरी तरह माफ किया जाएगा, जबकि कम राशि के ऋण पर 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। साथ ही कर्मचारी अपने परिवार के तीन सदस्यों के लिए जीरो बैलेंस खाता खुलवा सकेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों का कार्य स्वभावतः जोखिमपूर्ण होता है। ऐसे में यह योजना न केवल वित्तीय सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करती है, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य को भी सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। यूपीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक विश्वास और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।

ये लाभ भी मिलेंगे

हर तिमाही निशुल्क स्वास्थ्य जांच होगी।

तीन महीने का ऑनलाइन, एक माह का ऑफलाइन निशुल्क जिम का सब्सक्रिप्शन मिलेगा।

अमेजन प्राइम पर 12 महीने का सब्सक्रिप्शन फ्री।

एक कंप्लीमेंट्री गोल्फ सेशन।

हर तिमाही 100 रुपये का वाउचर ओला, ऊबर के लिए मिलेगा।

हर तिमाही एक स्पा सेशन का लाभ मिलेगा।