उत्तराखंड के 550 सरकारी स्कूलों को गोद लेंगे देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूह, शिक्षा में ऐतिहासिक पहल..

उत्तराखंड के 550 सरकारी स्कूलों को गोद लेंगे देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूह, शिक्षा में ऐतिहासिक पहल..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि राज्य के 550 सरकारी स्कूलों को देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूहों द्वारा गोद लिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता, संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ाना है। सीएम ने इस अवसर को शैक्षणिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय करार देते हुए कहा कि हम एक ऐसी ऐतिहासिक पहल के साक्षी बन रहे हैं, जो न केवल वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखेगी।

इस पहल के तहत जिन स्कूलों को गोद लिया जाएगा, वहां भौतिक संरचना, डिजिटल क्लासरूम, शिक्षण सामग्री, खेलकूद, पुस्तकालय और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। औद्योगिक समूहों के सहयोग से इन स्कूलों को मॉडल स्कूलों के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस कार्यक्रम से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP मॉडल) को नई दिशा मिलेगी और राज्य के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी समान अवसर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। सीएम ने इस सहयोग के लिए सभी उद्योग समूहों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ स्कूलों को गोद लेना नहीं, बल्कि भविष्य को संवारे जाने का संकल्प है। इनमें से अधिकांश स्कूल ऐसे हैं, जिन्हें आज वास्तव में इसकी आवश्यकता है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल वर्षों से संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं।