शहर में दवा दुकानों की सघन जांच, तीन सैंपल गुणवत्ता परीक्षण को भेजे..

शहर में दवा दुकानों की सघन जांच, तीन सैंपल गुणवत्ता परीक्षण को भेजे..

 

 

उत्तराखंड: राजधानी में अवैध और नियमविरुद्ध दवा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान क्लेमेंटटाउन, प्रेमनगर और दून अस्पताल के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया गया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री पर नियंत्रण और औषधि विक्रय लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन को सुनिश्चित करना था। अधिकारियों की टीम ने कुल आठ मेडिकल फर्मों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित संचालकों को मौके पर ही कड़ी चेतावनी जारी करते हुए लाइसेंस की सभी शर्तों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित फर्मों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि दवाओं की बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला में भेजा गया है, जहां उनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार उच्च स्तर से मिले निर्देशों के तहत ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या फर्म को बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस अभियान को दवाओं की सुरक्षित और वैध उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।