चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड जारी, ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य..

चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड जारी, ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य..

 

 

उत्तराखंड: श्रद्धालुओं के लिए बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा आज बुधवार से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। यात्रा में भाग लेने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। इन दोनों दस्तावेजों के बिना कोई भी वाहन यात्रा मार्ग में प्रवेश नहीं कर सकेगा। ग्रीन कार्ड बनवाने से पहले पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य है। इसके बाद ग्रीन कार्ड बनाने के लिए किसी भी परिवहन कार्यालय (ARTO) में आवेदन किया जा सकता है। ग्रीन कार्ड ऑनलाइन बनाने के लिए http://greencard.uk.gov.in पर लॉग इन करना होगा। इसके साथ ही ट्रिप कार्ड भी संबंधित एआरटीओ कार्यालयों से बनवाना जरूरी है। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। ग्रीन कार्ड प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि केवल फिट और अधिकृत वाहन ही यात्रा मार्ग में प्रवेश करें, जिससे दुर्घटनाओं और पर्यावरणीय नुकसान को रोका जा सके।

आरटीओ और चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि यात्रा पर आने के लिए तीर्थयात्रियों को पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। चारधाम यात्रा के सफल व सुरक्षित संचालन के लिए ग्रीन कार्ड जारी किए जाने का कार्य शुरू किया जा चुका है। ऐसे में अन्य राज्यों के वाहनों व तीर्थयात्रियों को यात्रा में जाने से पहले ग्रीनकार्ड व चालकों को पर्वतीय मार्गों के लिए लाइसेंस बनाना होगा। इसके साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले चालकों को वाहन के यात्रियों की सूची, मोबाइल नंबर का सत्यापन करना अनिवार्य है।

यात्रियों के विश्राम, ठहरने के लिए बुक कराए गए होटल या धर्मशाला आदि का नाम व फोन नंबर देना भी अनिवार्य होगा। साथ ही चालक को उत्तराखंड में प्रवेश के समय टोल प्लाजा रसीद व टोल प्लाजा से प्राप्त मैसेज भी दिखाना होगा। इसके लिए सभी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।