चार साल बाद पीएम मोदी का चीन दौरा, SCO शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा..

चार साल बाद पीएम मोदी का चीन दौरा, SCO शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा..

 

देश-विदेश: पीएम नरेंद्र मोदी जल्द ही चीन का दौरा करने वाले हैं। वह इस महीने चीन में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग जाएंगे। यह दौरा खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि साल 2019 के बाद यह पीएम मोदी की पहली चीन यात्रा होगी। आपको बता दे कि 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई झड़प के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव रहा है। इसके बाद से पीएम मोदी का चीन दौरा नहीं हुआ था। अब माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की संभावनाओं को आगे बढ़ा सकती है। सूत्रों के अनुसार इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सीमा विवाद, व्यापारिक संबंध और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही पीएम मोदी अन्य SCO सदस्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा सिर्फ बहुपक्षीय भागीदारी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि यह भारत-चीन के बीच जमी बर्फ पिघलाने का एक प्रयास भी हो सकता है।

चीन में आगामी 31 अगस्त और 1 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इस अहम अंतरराष्ट्रीय आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर सामरिक और आर्थिक नीतियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पिछली बार पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात अक्टूबर 2024 में रूस में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। उस बैठक को भी दोनों देशों के बीच जमी बर्फ को पिघलाने की दिशा में एक कदम माना गया था। चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस बार सम्मेलन में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे। माना जा रहा है कि सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक साझेदारी, और सदस्य देशों के आपसी सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत-चीन संबंधों में एक नई शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है, खासकर गलवान घाटी संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में।