होली पर दून अस्पताल अलर्ट, इमरजेंसी में बढ़ाई गई डॉक्टरों की तैनाती..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में होली पर्व को देखते हुए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने विशेष मेडिकल एडवाइजरी जारी की है। अस्पताल प्रशासन ने होलिका दहन और रंगों वाली होली के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार त्योहार के दौरान अक्सर रंगों के दुष्प्रभाव, त्वचा एलर्जी, आंखों में केमिकल जाने, कान-नाक-गले से जुड़ी परेशानियां और हुड़दंग के चलते चोट लगने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह संचालित रहेंगी। किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाएं, उपकरण और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। त्योहार के दौरान फूड प्वाइजनिंग और पेट से जुड़ी शिकायतों में भी बढ़ोतरी की आशंका रहती है, जिसके मद्देनजर संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने नागरिकों से अपील की है कि होली खेलते समय सावधानी बरतें और केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि आंखों और त्वचा की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, बच्चों और बुजुर्गों के साथ अतिरिक्त सतर्कता बरतें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि त्योहार की खुशियों के बीच स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
