पहाड़ के अनाज का बढ़ा बाजार, मंडुवा-झंगोरा की खरीद के लिए गुजरात से आएगी टीम..

पहाड़ के अनाज का बढ़ा बाजार, मंडुवा-झंगोरा की खरीद के लिए गुजरात से आएगी टीम..

 

 

उत्तराखंड: पहाड़ों में उगने वाला पारंपरिक अनाज मंडुवा अब देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बना रहा है। चमोली के मंडुवे की मांग लगातार बढ़ रही है। इस साल कृषि विभाग को विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों की ओर से करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य के मंडुवे की मांग मिल चुकी है। वहीं गुजरात की एक निजी कंपनी ने मंडुवे के साथ झंगोरा और रामदाना की भी बड़े पैमाने पर खरीद का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने तीनों उत्पादों के लिए 500-500 मीट्रिक टन की मांग रखी है। इस मांग को देखते हुए कृषि विभाग ने स्थानीय उत्पादों के संग्रह और भंडारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी के अनुसार चमोली की जलवायु और पहाड़ी परिस्थितियां मंडुवा उत्पादन के लिए काफी अनुकूल हैं। यहां के किसान लंबे समय से परंपरागत तरीके से इसकी खेती करते आ रहे हैं। कम पानी में तैयार होने वाली यह फसल पौष्टिक तत्वों से भरपूर होने के कारण बाजार में भी पसंद की जा रही है। पिछले साल जिले में करीब तीन हजार क्विंटल मंडुवे की बिक्री हुई थी, जबकि इस बार बाजार से मिल रही मांग को देखते हुए उत्पादन और विपणन की संभावनाएं बढ़ी हैं।

मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की बड़ी खेप खरीदेगी कंपनी
देवाल के जैविक मास्टर ट्रेनर लक्ष्मण बिष्ट ने बताया कि गुजरात की एक निजी कंपनी ने मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की 500-500 मीट्रिक टन खरीदने की मांग की है। कंपनी के प्रतिनिधि अगले सप्ताह चमोली पहुंचकर उत्पादों की उपलब्धता, गुणवत्ता और खरीद की संभावनाओं का जायजा लेंगे। वर्तमान में स्थानीय बाजार में मंडुवा 52 रुपये 20 पैसे प्रति किलो, झंगोरा 52 रुपये प्रति किलो और रामदाना 85 से 90 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। बड़े स्तर पर खरीद की मांग मिलने से स्थानीय किसानों और उत्पादकों को अपने अनाज के लिए बेहतर बाजार मिलने की उम्मीद है।

बोनस योजना से पारंपरिक खेती को मिल रहा प्रोत्साहन
स्थानीय काश्तकारों का कहना है कि सरकार की ओर से मंडुवा, चौलाई और राजमा जैसे पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित बोनस योजना से किसानों का रुझान खेती की ओर बढ़ रहा है। उर्गम के लक्ष्मण सिंह नेगी के मुताबिक जिले में मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, राजमा, लाल धान, उड़द, गहत, तोर, सोयाबीन, रेंस और काला भट्ट सहित कई पारंपरिक फसलों का उत्पादन होता है। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में उगल और फाफर की खेती भी की जाती है।

मंडुवे से तैयार हो रहे नूडल्स और बिस्कुट
मंडुवे की बढ़ती मांग के पीछे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की भी बड़ी भूमिका है। अब इसका इस्तेमाल केवल आटा बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे नूडल्स, बिस्कुट, कुकीज और मल्टीग्रेन खाद्य उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। लक्ष्मण बिष्ट के अनुसार गुजरात की कंपनी मंडुवे की खरीद के बाद उसकी पैकेजिंग करती है और चीन सहित अन्य देशों में इसका निर्यात भी करती है। स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते मंडुवे के आटे और इससे तैयार खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ रही है। इससे चमोली के पारंपरिक अनाज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल रही है।