रेड अलर्ट के बीच केदारनाथ धाम की यात्रा रोकी गई, डीएम ने जारी किए आदेश..
उत्तराखंड: मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक केदारनाथ यात्रा स्थगित रहेगी। खराब मौसम का असर हेली सेवा पर भी पड़ा है। शनिवार को मौसम की स्थिति को देखते हुए केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का संचालन नहीं किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसी को देखते हुए केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारियों, चेकपोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू करने को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यात्रा बहाल करने का निर्णय मौसम की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा
