राजस्व कर निरीक्षक भर्ती के लिए अब 18 अगस्त तक आवेदन..
उत्तराखंड: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग में राजस्व एवं कर निरीक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत दी है। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 18 अगस्त 2026 कर दी है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित थी। आयोग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नेटवर्क कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। ऐसे में कई अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों की समस्या को देखते हुए आवेदन प्रक्रिया को दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है।
राजस्व एवं कर निरीक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा 8 अगस्त से 18 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में अभ्यर्थी आवेदन पत्र भरने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कर सकेंगे। आयोग की ओर से कहा गया है कि आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर उसमें सुधार का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए 25 अगस्त से करेक्शन विंडो खोली जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी समस्या होने की स्थिति में परेशानी से बचा जा सके।
लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा के इंटरव्यू भी जारी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की लोअर पीसीएस भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। मुख्य परीक्षा में सफल हुए 328 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 27 जुलाई से शुरू किए गए थे। इनमें से शेष 65 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 31 अगस्त से 3 सितंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। आयोग की ओर से इंटरव्यू से संबंधित जरूरी जानकारी अभ्यर्थियों को निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। लोअर पीसीएस भर्ती में सही दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने वाले तीन अभ्यर्थियों को अनर्ह घोषित करने की सूची में शामिल किया गया है। हालांकि, आयोग ने उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर देते हुए 16 अगस्त तक प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने का समय दिया है।वहीं, पहले से अनर्ह घोषित किए गए 10 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय के भीतर प्रत्यावेदन दाखिल नहीं किया। इसके चलते उन्हें लोअर पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि भर्ती से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों और समय-सारिणी के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही हैं।
