उत्तराखंड की बेटी उन्नति शर्मा का शानदार स्वागत, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता कांस्य पदक..
उत्तराखंड: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली खिलाड़ी उन्नति शर्मा का बुधवार को देहरादून पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार ने उन्नति शर्मा का अभिनंदन करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन ने तालियों की गूंज के बीच उनका स्वागत किया और सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उन्नति शर्मा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्नति शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही विश्वास जताया कि उन्नति आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए और पदक जीतेंगी।
