चारधाम यात्रा को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट..

चारधाम यात्रा को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट..

डीएम मयूर दीक्षित ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ऋषिकुल मैदान में बनाए गए चारधाम यात्रा के ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों से पूछा कि उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है और उपलब्ध सुविधाएं किस प्रकार मिल रही हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, हालांकि भीड़ बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर इंतजार की स्थिति भी देखने को मिली।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण केंद्र पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी सेवाएं व्यवस्थित तथा समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि इस समय चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि पंजीकरण केंद्र पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और सहायता के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुविधाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार संबंधी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने जानकारी देते हुए कहा कि अब तक ऑनलाइन माध्यम से 37 लाख 28 हजार 571 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं ऋषिकुल मैदान में संचालित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर अब तक 1 लाख 94 हजार 172 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा चुका है। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पंजीकरण केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ-साथ व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव मिल सके।