उत्तराखंड में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार, आयोग ने जारी किया नया शेड्यूल..

उत्तराखंड में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार, आयोग ने जारी किया नया शेड्यूल..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ‘ग’ के विभिन्न पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षाओं का नया परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में 14 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से 2000 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग की ओर से जारी कैलेंडर के बाद लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए अब परीक्षा प्रक्रिया तय समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। भर्ती परीक्षाओं में कई विभागों के तकनीकी और गैर-तकनीकी पद शामिल किए गए हैं।

इसके साथ ही आयोग ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की तिथि में भी बदलाव किया है। यह परीक्षा पहले 17 मई को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई है। आयोग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। हालांकि नई परीक्षा तिथि को लेकर अभ्यर्थियों में उत्सुकता बनी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही संशोधित कार्यक्रम भी सार्वजनिक किया जाएगा। आयोग के परीक्षा कैलेंडर जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब परीक्षा कार्यक्रम जारी होने से उन्हें अपनी रणनीति बनाने में आसानी होगी।

प्रदेश सरकार लगातार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को कई नई भर्ती प्रक्रियाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में भर्ती प्रक्रिया में तेजी देखने को मिलेगी। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर लगातार नजर बनाए रखें ताकि परीक्षा तिथियों, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी सूचनाओं की जानकारी समय पर मिल सके।