अमित शाह ने बांधे धामी की तारीफों के पुल, चार साल के कार्यकाल को बताया बेमिसाल..
उत्तराखंड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार दौरे के दौरान उत्तराखंड सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए सीएम धामी की जमकर तारीफ की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीएम धामी ने राज्य की विभिन्न समस्याओं को एक-एक कर हल करने का काम किया है, जिसके कारण उत्तराखंड आज पहले की तुलना में कई गुना तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि राज्य में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने लगभग दस हजार से अधिक अतिक्रमणों को हटाने का काम किया है, जो राज्य में कानून व्यवस्था और सुव्यवस्थित विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि देशभर में जहां भी घुसपैठिए मौजूद हैं, उन्हें चिन्हित कर बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने संबोधन में Uniform Civil Code का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी शुरुआत उत्तराखंड से होना देश के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से सभी नागरिकों के लिए समान कानून व्यवस्था सुनिश्चित होगी और इससे सामाजिक संतुलन मजबूत होगा। अमित शाह ने राज्य में लागू किए गए नकल विरोधी कानून की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कानून के कारण सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को बिना किसी दबाव या भ्रष्टाचार के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षी के पद पर नियुक्ति मिली है, जो राज्य के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पहले की सरकारें होतीं तो भर्तियों में ‘पर्ची और खर्ची’ का चलन जारी रहता, लेकिन अब ऐसी व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में युवाओं को नौकरी पाने के लिए किसी तरह की रिश्वत देने की जरूरत नहीं पड़ती। अपने संबोधन में अमित शाह ने कुंभ मेला का भी उल्लेख किया और कहा कि आने वाला हरिद्वार कुंभ पहले से भी भव्य और ऐतिहासिक होने वाला है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है और आने वाले समय में इसके आयोजन को और भी भव्य रूप दिया जाएगा।
अमित शाह ने यह भी कहा कि आज उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कार्यकाल के कई महत्वपूर्ण वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस दौरान विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने सीएम धामी को समान नागरिक संहिता लागू करने और राज्य में प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए बधाई भी दी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास, पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीएम धामी के नेतृत्व में राज्य आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
