बर्ड फेस्टिवल को लेकर कोटद्वार में उत्साह, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ..

बर्ड फेस्टिवल को लेकर कोटद्वार में उत्साह, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रकृति पर्यटन और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लैंसडौन वन प्रभाग और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। फेस्टिवल के उद्घाटन के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी कोटद्वार पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। कोटद्वार पहुंचने पर सीएम धामी ने सबसे पहले पौड़ी गढ़वाल के प्रसिद्ध सिद्धबली हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सीएम ने सनेह क्षेत्र में आयोजित बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन किया।

शुक्रवार सुबह ग्रास्टनगंज हेलिपैड पर सीएम के आगमन पर क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, पार्टी पदाधिकारी और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से सीएम सीधे सिद्धबली मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन के बाद बर्ड फेस्टिवल स्थल के लिए रवाना हुए। लगभग पांच किलोमीटर दूर सनेह क्षेत्र में आयोजित इस बर्ड फेस्टिवल में देशभर से पक्षी प्रेमी और बर्ड वॉचिंग के शौकीन बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। सुबह सात बजे से ही प्रतिभागी लैंसडौन वन प्रभाग के विभिन्न बर्ड वॉचिंग ट्रेल्स पर पक्षियों के दीदार के लिए निकल पड़े। बर्ड फेस्टिवल का उद्देश्य न केवल पक्षी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को भी प्रोत्साहित करना है। आयोजकों के अनुसार इस तरह के आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ उत्तराखंड की प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक साबित हो रहे हैं।