रजत जयंती उत्सव पर पीएम मोदी होंगे शामिल, मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायज़ा..

रजत जयंती उत्सव पर पीएम मोदी होंगे शामिल, मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायज़ा..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के भव्य समारोहों की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ नवंबर को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। पहले प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम 11 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब उनके दौरे की तारीख संशोधित कर 9 नवंबर तय की गई है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को एफआरआई परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च स्तर की गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन पर होने वाला यह कार्यक्रम उत्तराखंड की उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का एक ऐतिहासिक अवसर होगा। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर सरकार ने 1 नवंबर से 11 नवंबर तक रजत जयंती समारोहों की श्रृंखला शुरू की है।

इस दौरान पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तीन नवंबर को राज्य विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष संबोधन देंगी, जबकि नौ नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगे। एफआरआई परिसर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार कर ली है। साथ ही स्थल पर मंच, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बैठक व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और संकल्पों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जनपद में भी स्थापना दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि यह पर्व जन-जन का उत्सव बन सके।